आज का चिंतन #304
भय से मुक्ति..
भय के प्रमुख कारण शारीरिक अक्षमता, मन की कमजोरी, जानकारी का अभाव, दूरी या अंजानापन, अविश्वास, अनहोनी की आशंका, आत्मविश्वास की कमी, पुराने कटु अनुभव इत्यादि होते हैं।
डर से मुक्ति..
यदि कारण समाप्त हो जाए तो निवारण हो जाता है, चाहे वह डर हो, बीमारी हो या अन्य कोई समस्या हो।
शारीरिक अक्षमता को दूर नहीं किया जा सकता किंतु अपनी अन्य क्षमताओं को बेहतर तरीके से और अधिकतम सीमा तक विकसित करके, डर पर विजय पाई जा सकती है।
पुराने बुरे अनुभव और यादों को भूलकर, नए विचार, नई ऊर्जा से, निरंतर नए कार्य करें, जानकारी प्राप्त करें और अनवरत नवीन अनुभव लेते जाएं तो उस प्रकार के भय से अवश्य ही मुक्त हुआ जा सकता है।
मन की कमजोरी, अविश्वास, अनहोनी की आशंका, आत्मविश्वास की कमी इत्यादि यह सब हमारी सोच, हमारे अंदरूनी भाव होते हैं जिनको हम नियंत्रित और अपनी अनुकूलता से संचालित कर सकते हैं किंतु इसके लिए गहन अभ्यास की आवश्यकता होती है।
विचार शक्ति और संगति…
इन दोनों में बड़ा गहरा संबंध है। संगति (व्यक्ति, वस्तु, वातावरण या प्रकृति की) का प्रभाव हमारे विचारों पर और तदनुसार कार्यों तथा व्यवहार पर अवश्य ही पड़ता है। संगति के प्रति सदैव सजग रहकर उत्तम और श्रेष्ठ का चयन करना चाहिए।
हमारी सोच की दिशा सदैव सही हो, यह सुनिश्चित करना चाहिए।
क्या करें…
यदि हम प्रतिक्षण सजग रहते हुए, अपने समस्त समय, ऊर्जा और चेतना को सकारात्मक कार्यों, विचार और व्यवहार में लगाते हैं तो हम निश्चित रूप से भय की स्थिति से मुक्त हो सकते हैं और यही समाधान होता है।
संजय अग्रवाल
संपर्क संवाद सृजन समाधान
9406717823
मंगलवार 23 जुलाई 2025
नागपुर
।
Leave a comment